रॉयल दमयंती पैलेस अग्नि दुर्घटना की जांच के लिए 4 सदस्यीय दल गठित
दमोह। होटल रॉयल दमयंती पैलेस, दमोह में 19 सितंबर 2026 को कैटरिंग कार्य के दौरान गैस सिलेंडर से हुई अग्नि दुर्घटना की जांच के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी प्रताप नारायण यादव ने जांच दल गठित किया है।
इस दुर्घटना में लोगों के झुलसने और हताहत होने की घटना के बाद प्रशासन ने हादसे के कारणों, सुरक्षा व्यवस्थाओं में संभावित कमियों और जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं का तथ्यात्मक परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
इन अधिकारियों को जांच दल में किया गया शामिल
जांच के लिए गठित दल में चार अधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें—
- अनुविभागीय दंडाधिकारी, दमोह
- नगर पुलिस अधीक्षक/अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, दमोह
- मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद दमोह
- जिला आपूर्ति अधिकारी, दमोह
शामिल हैं।
फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की होगी जांच
जांच दल को दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ होटल में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच के दौरान फायर अलार्म और आपात स्थिति में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, भवन निर्माण से पहले फायर अनापत्ति प्रमाण-पत्र (Fire NOC) प्राप्त किए जाने तथा कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं, जैसे बिंदुओं की जांच की जाएगी।
इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य संबंधित पहलुओं का भी तथ्यात्मक परीक्षण किया जाएगा।
तीन दिन में सौंपनी होगी जांच रिपोर्ट
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा गठित जांच दल को जांच पूरी करने के बाद 3 दिवस के भीतर संयुक्त हस्ताक्षर से जांच प्रतिवेदन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, दमोह के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि होटल में हुई अग्नि दुर्घटना के पीछे क्या कारण थे और सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े नियमों का पालन किस स्तर तक किया गया था।

0 Comments